Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार को उस वक्त खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब सवारियों से भरी एक चलती ईको कार अचानक आग का गोला बन गई। हरियाणा से मजदूरी कर घर लौट रहे 11 यात्रियों की सांसें तब अटक गईं, जब कार के पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। मौत को करीब देख यात्रियों ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना बिनावर थाना क्षेत्र के महाराज ढाबा के पास की है। जानकारी के मुताबिक, कार में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे, जो हरियाणा से मेहनत-मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। सफर शांति से कट रहा था, तभी अचानक कार के पिछले हिस्से में शॉर्ट सर्किट या सीएनजी लीकेज की वजह से आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंजर इतना भयावह था कि अगर यात्री कुछ ही सेकंड की भी देरी करते, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। यात्रियों ने जान दांव पर लगाकर कार से छलांग लगा दी, जिससे वे सुरक्षित बच तो गए, लेकिन उनकी मेहनत की कमाई राख हो गई। पीड़ितों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि उन्हें अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। कार में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम पर देरी से पहुंचने का आरोप लगा है, तब तक कार लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण सीएनजी किट में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

0 टिप्पणियाँ